बाइक एजेंसी में खौफनाक हत्या: लोहे के रॉड से पीट-पीटकर युवक को उतारा मौत के घाट, CCTV ने खोला राज
दरभंगा में हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है जिसमें एक कर्मचारी की निर्मम तरीके से हत्या लोहे के रॉड से पीट-पीटकर की गई है.
Bihar News : दरभंगा के अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदन पट्टी गांव स्थित एक यामाहा एजेंसी में शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। एजेंसी में कार्यरत मोहम्मद फ़ैज़ अहमद की बेरहमी से लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना का एक्सक्लूसिव CCTV वीडियो सामने आया है।
वीडियो के अनुसार, मोहम्मद फ़ैज़ अहमद शो-रूम में कंप्यूटर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर अंदर प्रवेश करता है और बिना कुछ कहे सीधे उनके चेहरे पर हमला कर देता है। आरोपी लगातार रॉड से वार करता रहता है, जब तक कि फ़ैज़ अहमद कुर्सी पर ही ढेर नहीं हो जाते।
इतना ही नहीं, हमलावर का गुस्सा यहीं शांत नहीं होता। वह दोबारा लौटकर कैंची उठाता है और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करता है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़े आराम से शो-रूम के बाहर खड़ी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो जाता है, जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है।
कुछ देर बाद जब अन्य कर्मचारी पहुंचे तो फ़ैज़ अहमद को खून से लथपथ हालत में देखकर हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है और आरोपी मृतक का परिचित बताया जा रहा है।
इधर घटना के विरोध में परिजन और स्थानीय लोगों ने शव को लेकर नेशनल सिनेमा चौक पर देर रात तक सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे। वहीं पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट