अजब प्रेमी की गजब पिटाई ! वैलेंटाइन वीक में प्रेमिका से लड़की के वेश में मिलने पहुंचा आशिक, फिर हुआ बड़ा बवाल
उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से एक युवती से दोस्ती हुई और प्रेम हो गया। वैलेंटाइन वीक में युवक लड़की के कपड़े पहनकर अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया
Bihar News: फरवरी का महीना प्रेम करने वाले के लिए विशेष माना जाता है. यह प्रेमी युगल के लिए वैलेंटाइन वीक कहा जाता है. ऐसे में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए प्रेमी तमाम बंदिशों को पार कर जाए तो हैरानी कैसी? ऐसा ही एक मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोटगाह गांव में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब प्रेमिका से मिलने लड़की के वेश में पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बच्चा चोर समझकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाना लाया।
जानकारी के अनुसार युवक बिरौल थाना क्षेत्र के रामनगर-सुपौल बाजार का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से बहेड़ी क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम हो गया। वैलेंटाइन वीक में युवक गुरुवार को फिल्मी अंदाज में लड़की के कपड़े पहनकर अपनी प्रेमिका से मिलने मोटगाह गांव पहुंच गया। गांव में संदिग्ध अवस्था में घूमते देख लोगों को उस पर शक हुआ। पूछताछ के दौरान मामला स्पष्ट नहीं होने पर कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर बताकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और युवक की पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि आक्रोशित भीड़ युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय खुद सजा देने पर आमादा थी। कुछ लोग पुलिस से उलझते भी नजर आए। काफी प्रयास के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित थाने ले जाने में सफल रही। बाद में युवक के पिता व अन्य परिजन थाना पहुंचे। आवश्यक पूछताछ और औपचारिकता पूरी करने के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो. दस्तगीर ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट