Bihar News : दरभंगा में दुर्गा पूजा के दौरान सनसनीखेज वारदात, दरवाजे पर सो रहे बुजुर्ग की बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar News : दरभंगा में घर के बाहर दरवाजे पर सो रहे बुजुर्ग सुरेंद्र ठाकुर की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : दरभंगा में दुर्गा पूजा के दौरान सनसनीखेज वारदात
बुजुर्ग की हत्या - फोटो : VARUN THAKUR

DARBHANGA : जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रुपौली गांव के बरही टोल में दुर्गा पूजा के पर्व के माहौल के बीच एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। घर के बाहर दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग सुरेंद्र ठाकुर की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

घटना का खुलासा शनिवार की सुबह करीब सात बजे हुआ, जब उनकी बेटी अपने पिता को जगाने के लिए पास पहुंची। बेटी ने देखा कि सुरेंद्र ठाकुर बिस्तर पर खून से लथपथ मृत पड़े हैं। अपराधियों ने उन्हें इतनी करीब से गोली मारी थी कि सिर के आर-पार हो गई थी। पुलिस के शुरुआती अनुमान और स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में दुर्गा पूजा के चलते तेज आवाज में लाउडस्पीकर और साउंड बज रहा था, जिस वजह से रात में गोली चलने की आवाज किसी को भी सुनाई नहीं दी।

परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि इस परिवार का पिछले करीब 24 सालों से जमीन विवाद चला आ रहा है, हालांकि फिलहाल परिजनों ने किसी पर सीधे तौर पर नामजद आरोप नहीं लगाया है। पुलिस इस पुराने जमीन विवाद के एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।

वारदात की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार और एफएसएल (FSL) की विशेष टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के असली कारणों का पता लगाने और अपराधियों की पहचान के लिए सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट