Bihar News: खूनी संघर्ष में बदला मोबाइल विवाद, दरभंगा में पत्थरबाजी से हड़कंप, पुलिस ने 4 को हिरासत में लिया

Bihar News: बिहार के दरभंगा में मोबाइल को लेकर विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सड़कों पर जमकर पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को हिरासत में लिया है।

पत्थरबाजी से हड़कंप
दरभंगा में पत्थरबाजी - फोटो : reporter

Bihar News:  दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मदारपुर मोहल्ले में देर रात मोबाइल छीनने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शांति बहाल की गई।

छात्र से मोबाइल छीनने का आरोप

घायल व्यक्ति के अनुसार, मोहल्ले के कुछ नशे में धुत युवकों ने एक लॉज में रहकर पढ़ाई कर रहे छात्र का मोबाइल छीन लिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नशेड़ी युवकों ने ही पत्थरबाजी और उपद्रव की शुरुआत की।

चार उपद्रवी हिरासत में

पुलिस ने मौके से पत्थरबाजी में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया है। घटना में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। पुलिस के पहुंचते ही कई उपद्रवी अपने घरों में छिप गए। देर रात तक इलाके में पुलिस बल की तैनाती रही। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामला मोबाइल छीनने को लेकर दो पक्षों के बीच आपसी विवाद का है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है।

दरभंगा से वरुण की रिपोर्ट