Bihar News:डीएमसीएच इमरजेंसी में ऑक्सीजन ठप, तड़पता रहा झुलसा मरीज, हंगामे के बीच पटना रेफर, लापरवाही पर उठे सवाल

Bihar News: दरभंगा के डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग के ट्राइज एरिया में अचानक ऑक्सीजन सप्लाई ठप हो गई।...

Oxygen supply stalled in DMCH emergency room burn patient wr
डीएमसीएच इमरजेंसी में ऑक्सीजन ठप- फोटो : reporter

Bihar News: दरभंगा के डीएमसीएच में को उस वक्त सनसनीखेज हालात पैदा हो गए, जब इमरजेंसी विभाग के ट्राइज एरिया में अचानक ऑक्सीजन सप्लाई ठप हो गई। जिस समय पाइपलाइन से ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हुई, उसी दौरान कमतौल निवासी एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज का इलाज चल रहा था। ऑक्सीजन रुकते ही वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और परिजन बेकाबू होकर अस्पताल कर्मियों से उलझ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मरीज की हालत नाजुक थी और डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी थी। तभी अचानक पाइपलाइन से ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हो गई। यह खबर फैलते ही परिजनों में खौफ और गुस्सा दोनों फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्त पर वैकल्पिक इंतजाम नहीं किया गया। हंगामे के बीच एक ऑक्सीजन सिलेंडर लाया गया, लेकिन परिजनों का कहना था कि सिलेंडर खाली था। इसको लेकर कुछ देर तक माहौल गरम रहा और अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति बिगड़ती देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उधर, सूचना मिलते ही उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार हरकत में आए और आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मी को फौरन मौके पर भेजा गया। कर्मी ने पहुंचकर तकनीकी जांच की और थोड़ी देर में ऑक्सीजन सप्लाई बहाल कर दी। हालांकि तब तक हालात ऐसे बन चुके थे कि मरीज को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। परिजन एंबुलेंस से उसे लेकर रवाना हो गए।

आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मी का दावा है कि हर बेड पर ऑक्सीजन नियंत्रित करने के लिए स्टॉपर लगा होता है और स्टॉपर नहीं खोले जाने की वजह से सप्लाई बाधित हुई। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन पूरी तरह दुरुस्त है और संबंधित स्टाफ को निर्देश दे दिए गए हैं।

इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील वार्ड में ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होना बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा है कि मामले की तहकीकात की जाएगी और सिस्टर इंचार्ज व वार्ड बॉय से जवाब तलब किया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर