दरभंगा में गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला और रोड़ेबाजी, एएसआई घायल
Darbhanga : जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के बघान्त गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया और जमकर रोड़ेबाजी की। इस हिंसक झड़प में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया और एएसआई (ASI) राजेश सिंह घायल हो गए, जबकि गिरफ्तार युवक अजय कुमार पासवान भी जख्मी हो गया।
पुलिस वाहन पर पथराव और आरोपी द्वारा भागने की कोशिश का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय कुमार पासवान के खिलाफ पहले से प्राथमिकी दर्ज थी और पुलिस उसे पकड़ने के लिए बघान्त गांव पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस टीम को घेरकर पथराव किया गया। पुलिस का यह भी दावा है कि गिरफ्तार अजय पासवान ने वाहन का पिछला शीशा खुद तोड़कर चलती गाड़ी से कूदने और भागने की कोशिश की थी, जिससे वह घायल हुआ।
घायल अजय पासवान ने पुलिस पर लगाए मारपीट और जातिसूचक गाली के आरोप
वहीं, डीएमसीएच में इलाजरत गिरफ्तार युवक अजय कुमार पासवान ने पुलिस के सभी दावे को खारिज करते हुए अपना अलग पक्ष रखा है। अजय का आरोप है कि एक दिन पहले पुलिस द्वारा पकड़े गए तीन युवकों को ग्रामीणों के साथ मिलकर छुड़ाने और उसका वीडियो बनाने के कारण पुलिस उससे रंजिश रख रही है। उसने वाहन के भीतर पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर आरोप लगाया है।
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने डीएमसीएच पहुंचकर की निष्पक्ष जांच की मांग
इस घटना के तूल पकड़ने के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी सीधे डीएमसीएच पहुंचे और अस्पताल में इलाजरत घायल युवक से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर तीखे सवाल खड़े किए और अजय कुमार पासवान के साथ कथित मारपीट व दुर्व्यवहार की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
बेनीपुर एसडीपीओ ने दी सफाई, कहा- आरोपियों को छुड़ाने के विवाद में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बेनीपुर एसडीपीओ (SDPO) बासुकीनाथ झा ने पुलिस का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले पुलिस ने तीन युवकों को नशे की हालत में पकड़ा था, जिन्हें अजय और अन्य लोगों ने जबरन छुड़ाया था, जिसका वीडियो भी मौजूद है। इसी मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जब पुलिस गिरफ्तारी करने गई थी, तब यह हमला हुआ। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
वरुण की रिपोर्ट