शराब छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला: 10 आरोपी गिरफ्तार, अन्य संलिप्त की तलाश जारी

दरभंगा में शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हुए हमला मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है , वहीँ अन्य की पहचान करने में जुटी है.....

शराब छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला: 10 आरोपी गिरफ्तार,
पुलिस टीम पर हमला मामले मे 10 गिरफ्तार- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : जिले के रैयाम थाना क्षेत्र के बंसरा ठीकरा टोल में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों द्वारा हमला करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।


एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सुमन ने दी घटना की विस्तृत जानकारी 

इस पूरे मामले को लेकर कमतौल के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सुमन का आधिकारिक बयान सामने आया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस कर्मियों पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करने के मामले में 10 लोगों को दबोचा गया है। इसके अलावा घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों को चिन्हित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।


देसी शराब बरामदगी के बाद हिरासत में लिए गए शख्स को छुड़ाने के लिए हुआ बवाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान मौके से देसी शराब बरामद की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया था। हिरासत में लिए गए उसी आरोपी को जबरन छुड़ाने के लिए आक्रोशित भीड़ ने ट्रैक्टर और जेसीबी से पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया। इसी दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट की और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।


फरार और अन्य संलिप्त उपद्रवियों की पहचान के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी 

प्रशासन ने इस गंभीर घटना को बेहद कड़ाई से लिया है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस बवाल में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस का कड़ा एक्शनक्षेत्र में सख्ती बढ़ाई गई 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेगा तथा पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


वरुण की रिपोर्ट