Bihar News : दरभंगा में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, बाइक किया जब्त

Bihar News : दरभंगा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीँ पुलिस ने बाइक भी जब्त किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : दरभंगा में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में
दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार - फोटो : VARUN

DARBHANGA : जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आवेदन मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने देर रात छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने देर रात संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर दोनों आरोपी युवकों को धर दबोचा। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।

मामले की गहन जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। प्राथमिक जांच में यह सवाल सामने आ रहा है कि नाबालिग छात्रा बाइक पर कैसे बैठी, जिसके बाद उसने युवक के ननिहाल में रात बिताई और फिर उसी युवक के साथ दरभंगा स्टेशन तक क्यों पहुंची। पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन कर रही है।

प्रेम प्रसंग के एंगल से भी तफ्तीश

गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उनके बयानों के आधार पर पुलिस इस मामले की प्रेम प्रसंग के कोण से भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ पीड़िता एवं आरोपियों के बयानों का मिलान किया जा रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

कानूनी प्रक्रिया जारी

फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। बिरौल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पीड़िता के बयान दर्ज करवाने के साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट