संत रविदास की जन्मभूमि की मिट्टी लेकर गांव-गांव पहुंचेगा संदेश, संजय सरावगी ने की बड़ी घोषणा

संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और काशी स्थित संत रविदास की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी से भरे कलश का विधिवत वंदन किया।

संत रविदास की जन्मभूमि की मिट्टी लेकर गांव-गांव पहुंचेगा संद
संजय सरावगी की बड़ी घोषणा- फोटो : reporter

Darbhanga: संत रविदास जयंती के मौके पर दरभंगा में बुधवार को आयोजित कलश वंदन कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को नई रफ्तार दी। संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और काशी स्थित संत रविदास की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी से भरे कलश का विधिवत वंदन किया।

इस मौके पर सरावगी ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों के जरिए समाज को बराबरी, इंसाफ, सामाजिक एकता और भाईचारे का पैगाम दिया। उनका संदेश किसी एक जाति या वर्ग तक महदूद नहीं था, बल्कि समूचे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।

उन्होंने कहा कि जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी को बिहार के गांव-गांव तक पहुंचाने का मकसद संत रविदास के विचारों को आम लोगों से जोड़ना है। दरभंगा जिले के सभी प्रखंडों के लिए कलश भेजे गए हैं। इन कलशों को गांवों, टोले-मोहल्लों तक पहुंचाया जाएगा, जहां लोगों को संत रविदास के सामाजिक संदेश और विचारों से रूबरू कराया जाएगा।

संजय सरावगी ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए बेहद मौजूं हैं। उनके विचार भेदभाव के खिलाफ आवाज और सामाजिक सौहार्द की बुनियाद पेश करते हैं। अभियान के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए भी उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश होगी।कार्यक्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार, सदर एसडीओ गौरव कुमार, पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने संत रविदास के विचारों को सामाजिक एकता और जनजागरण के अभियान से जोड़ने का संदेश दिया।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर