Bihar News : बिहार विधान परिषद् चुनाव में RJD को मिली दूसरी कामयाबी, दरभंगा स्नातक चुनाव में अनिल झा ने बीजेपी प्रत्याशी को हराया

Bihar News : बिहार विधान परिषद् चुनाव में RJD को मिली दूसरी
RJD को दूसरी कामयाबी - फोटो : VARUN

DARBHANGA : बिहार विधान परिषद चुनाव की आठवीं और अंतिम सीट का परिणाम भी घोषित हो चुका है। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एक बड़ा उलटफेर करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) को शिकस्त दी है। मतगणना के तीसरे दिन आए इस अंतिम परिणाम ने राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा पैदा कर दी है।

मतगणना की लंबी प्रक्रिया और कड़े मुकाबले के बाद, आरजेडी उम्मीदवार अनिल कुमार झा को इस सीट पर विजयी हुए है। उन्होंने निवर्तमान विधान पार्षद और एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार को पराजित किया है। इस रोमांचक मुकाबले में हार-जीत का फैसला अंतिम चरणों में दूसरी वरीयता (सेकेंड प्रेफरेंस) के वोटों की गिनती के आधार पर हुआ।

मतगणना के शुरुआती और मध्यम चरणों में भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए थे। हालांकि, एलिमिनेशन प्रक्रिया और अन्य प्रत्याशियों के मतों के हस्तांतरण के बाद तस्वीर बदल गई। दूसरी वरीयता के मतों के सटीक आकलन और स्थानांतरण ने आरजेडी उम्मीदवार अनिल झा की स्थिति को मजबूत किया, जिससे वे मुकाबले में आगे निकल गए।

यह मुकाबला इतना दिलचस्प था कि मतगणना के अंतिम दौर तक दोनों प्रमुख दलों के बीच कांटे की टक्कर बनी रही। अंततः, मतों के अंतर को पाटते हुए अनिल झा ने जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही विधान परिषद की इस महत्वपूर्ण स्नातक सीट पर आरजेडी ने अपना कब्जा जमा लिया है। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के इस परिणाम के आने के साथ ही बिहार विधान परिषद की सभी आठ सीटों के नतीजे पूरी तरह स्पष्ट हो चुके हैं। इस सीट पर मिली हार भाजपा के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, जबकि आरजेडी खेमे में इस नाटकीय और कड़े मुकाबले में मिली जीत के बाद जश्न का माहौल है।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट