Bihar Samastipur Darbhanga Rail Line: बिहार के लाखों लोगों को रेलवे का बड़ा तोहफा, डबल ट्रैक से बदलेगी मिथिलांचल की तस्वीर, व्यापार और सफर दोनों होंगे आसान

Bihar Samastipur Darbhanga Rail Line: मिथिलांचल के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है।

Samastipur Darbhanga Double Rail Line Clears Speed Trial
समस्तीपुर-दरभंगा डबल लाइन- फोटो : social Media

Bihar Samastipur Darbhanga Rail Line: मिथिलांचल के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड के दोहरीकरण परियोजना के तहत नवनिर्मित रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड का गुरुवार को सफल निरीक्षण और स्पीड ट्रायल पूरा कर लिया गया। संरक्षा आयुक्त (रेलवे) पूर्वी परिमंडल कोलकाता गुरु प्रकाश और डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संयुक्त रूप से पूरे रेलखंड का जायजा लिया। इसके बाद विशेष ट्रेन को 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाकर सफल स्पीड ट्रायल किया गया।

दोहरीकरण के बाद ट्रेनों की लेटलतीफी और भीड़भाड़ में कमी आएगी, वहीं डीएमयू ट्रेनों की यात्रा अवधि भी घटने की संभावना है। मालगाड़ियों की आवाजाही तेज होने से कृषि उत्पादों और व्यापारिक सामानों के परिवहन को भी नई रफ्तार मिलेगी। मुक्तापुर, लहेरियासराय, दरभंगा और तारसराय के माल गोदामों में गुड्स ट्रैफिक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे क्षेत्रीय कारोबार को मजबूती मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल पूरी तरह सफल रहा, जिसके बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मोटर ट्रॉली से रामभद्रपुर से थलवारा तक ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।

38 किलोमीटर लंबी समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना में पहले ही 26 किलोमीटर हिस्से का काम पूरा हो चुका था। गुरुवार को 12 किलोमीटर लंबे रामभद्रपुर-थलवारा सेक्शन के निरीक्षण के साथ पूरी परियोजना का डबल लाइन कार्य संपन्न हो गया। रेलवे का कहना है कि इससे समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और जयनगर समेत पूरे मिथिलांचल क्षेत्र को सीधा फायदा मिलेगा।