Bihar Politics: तेजस्वी ने सरकार को धो दिया, कहा- लॉ एंड ऑर्डर बना क्रिमिनल डिसऑर्डर

Bihar Politics: दरभंगा पहुंचे राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Tejashwi
तेजस्वी का सरकार पर वार- फोटो : reporter

Bihar Politics: दरभंगा पहुंचे राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को बिहार सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दरभंगा में पीट-पीटकर हत्या किए गए फैज अहमद खान और स्वर्ण व्यवसायी राहुल कुमार साह के परिजनों से मुलाकात की। दोनों परिवारों से घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद तेजस्वी यादव ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था अब ‘लॉ एंड ऑर्डर’ नहीं, बल्कि ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ बन चुकी है। तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता, जब 200 राउंड गोलियां नहीं चलती हों। उन्होंने कहा कि राज्य के अखबार अपराध की खबरों से लाल हो गए हैं।

तेजस्वी यादव ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कहीं सड़क पर तो कहीं जेल में हत्या कर रही है। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए उनके खिलाफ कथित आपराधिक मुकदमों का मुद्दा उठाया।

मंत्री मदन सहनी द्वारा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जाने के संदर्भ में तेजस्वी ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब सरकार के मंत्री ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं, तो इससे स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मंत्री नाम लेने के बजाय सरकार में सिर्फ ‘झाल बजा रहे हैं’।

बिहार के बाद तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की जमीन को लेकर चीन पर कथित कब्जे का मुद्दा उठाया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चीन भारत की जमीन पर कब्जा कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा नहीं करती।उन्होंने भाजपा पर देश को बांटने की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार को देश की सुरक्षा और सीमाई इलाकों से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

दरभंगा में फैज अहमद खान और राहुल कुमार साह के परिजनों से मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने दोनों परिवारों को भरोसा दिलाया कि राजद उनकी आवाज बनेगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।तेजस्वी यादव के इस दौरे ने दरभंगा की दो हत्या की घटनाओं को लेकर सियासी बहस को भी तेज कर दिया है। एक तरफ जहां राजद नेता कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, वहीं इन आरोपों के बीच अब पुलिस जांच और कार्रवाई पर भी लोगों की निगाहें टिकी हैं। पीड़ित परिवारों को न्याय कब मिलता है और आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई कितनी तेजी से होती है, यह आने वाले दिनों में अहम होगा।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर