शिक्षक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग सख्त; बीईओ ने प्रधानाध्यापक से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

शिक्षक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभ
मारपीट का वीडियो वायरल पर बीईओ ने प्रधानाध्यापक से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत नैनाघाट पंचायत के मझियाम मध्य विद्यालय में आधा दर्जन युवकों ने स्कूल परिसर में घुसकर एक शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक शिक्षक के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मारपीट की इस घटना के पीछे गंभीर आरोप बताए जा रहे हैं। चर्चा है कि उक्त विद्यालय के एक शिक्षक ने छठी कक्षा की छात्रा के साथ क्लासरूम में कथित तौर पर छेड़खानी की थी। छात्रा ने घर जाकर जब परिजनों को इसकी जानकारी दी, तो आक्रोशित होकर करीब आधा दर्जन युवक स्कूल पहुंच गए और शिक्षक को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों के बीच-बचाव के कारण मामला और अधिक बिगड़ने से बच गया।


स्कूल जैसे शिक्षा के मंदिर में हुई इस हिंसक घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिक्षक पर आरोप थे, तो इसकी शिकायत पुलिस या विभाग से करनी चाहिए थी, लेकिन कानून को हाथ में लेना पूरी तरह गलत है। इस घटना के बाद स्कूल के अन्य छात्रों और अभिभावकों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। विद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचने से शिक्षा जगत में भी भारी रोष देखा जा रहा है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) राजेश कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद विभाग या स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचना क्यों नहीं दी गई। बीईओ ने प्रधानाध्यापक को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय प्रोटोकॉल के उल्लंघन और घटना को छिपाने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में यदि शिक्षक पर लगे छेड़खानी के आरोप सही पाए जाते हैं, तो उन पर सख्त कार्रवाई होगी और साथ ही स्कूल परिसर में घुसकर मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और पुलिस टीम भी गांव के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

वरुण की रिपोर्ट