उमेश कुशवाहा का लालू परिवार पर पलटवार : 'लालू राज में खुले चरवाहा विद्यालय, एनडीए सरकार ने हर जिले में दिए मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज'

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विपक्ष और खासकर लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा है। दरभंगा मेें मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के शासन काल में बच्चों के हाथ में कलम की जगह लाठी थमाने वाली राजनीति की जाती थी....

उमेश कुशवाहा का लालू परिवार पर पलटवार : 'लालू राज में खुले च
राजद पर बरसे उमेश कुशवाहा- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा दरभंगा पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आगामी दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव के लिए एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की जोरदार अपील की। उन्होंने दावा किया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय भारी मतों से विजय प्राप्त करेंगे।


शिक्षा व्यवस्था और विकास के मोर्चे पर सरकार की प्राथमिकताएं

मीडिया को संबोधित करते हुए उमेश कुशवाहा ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर अपनी सरकार का विजन स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मुख्य उद्देश्य बिहार के प्रत्येक जिले में उच्च शिक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था करना है। सरकार के इसी प्रयासों के तहत आज राज्य के हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं।


लालू प्रसाद के शासनकाल पर तीखा हमला

महागठबंधन और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल पर कड़ा प्रहार करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उस दौर की शिक्षा व्यवस्था और आज के सुशासन में जमीन-आसमान का फर्क है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू राज में 'चरवाहा विद्यालय' जैसी अनोखी अवधारणा को बढ़ावा दिया गया था, जहां युवाओं के हाथों में कलम, किताब और कंप्यूटर की जगह लाठी थमाने की राजनीति की जाती थी।


प्रबुद्ध मतदाताओं से विकास के समर्थन की अपील

उमेश कुशवाहा ने विश्वास जताया कि राज्य के प्रबुद्ध मतदाता शिक्षा, विकास और सुशासन के बुनियादी मुद्दों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि आज बिहार का युवा तकनीक और उच्च शिक्षा के बल पर आगे बढ़ रहा है और जनता जंगलराज के उस दौर को भूली नहीं है। उन्होंने एनडीए के पक्ष में सभी ओर से मिल रहे भारी समर्थन का दावा किया।


वरुण ठाकुर की रिपोर्ट