Bihar Mobile Tower Drama: इश्क का हाई-वोल्टेज ड्रामा, यूपी से प्रेमी के बुलावे पर बिहार पहुंची युवती, मुलाकात से इंकार होते ही मोबाइल टावर पर चढ़ी, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
Bihar Mobile Tower Drama: सोशल मीडिया पर शुरू हुई मोहब्बत की कहानी दरभंगा में उस वक्त सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गई, जब प्रेमी से मिलने आई एक युवती ने मोबाइल टावर पर चढ़कर जान देने की धमकी दे डाली।
Bihar Mobile Tower Drama: सोशल मीडिया पर शुरू हुई मोहब्बत की कहानी दरभंगा में उस वक्त सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गई, जब प्रेमी से मिलने आई एक युवती ने मोबाइल टावर पर चढ़कर जान देने की धमकी दे डाली। प्रेमी के कथित तौर पर मिलने से इंकार करने के बाद युवती का गुस्सा और मायूसी इस कदर बढ़ गई कि उसने अपनी जान जोखिम में डाल दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मामला दरभंगा जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के मनसारा गांव का है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की रहने वाली सिमरन की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से बड़गांव थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। आरोप है कि युवक के बुलावे पर सिमरन शनिवार को लंबा सफर तय कर दरभंगा पहुंची थी।
लेकिन दरभंगा पहुंचने के बाद कहानी ने अचानक नया मोड़ ले लिया। युवती का आरोप है कि जिस युवक ने उसे बुलाया था, उसी ने मिलने से इंकार कर दिया। प्रेमी की इस बेरुखी से आहत युवती ने ऐसा कदम उठाया जिसने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया। नाराज होकर वह मनसारा गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगी।टावर पर युवती के चढ़ने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोग घटना का वीडियो बनाने में जुट गए, जबकि नीचे खड़े ग्रामीण और परिजन उसे समझाने की कोशिश करते रहे। हालात बिगड़ते देख डायल-112 और बड़गांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
कई घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और समझाने-बुझाने की कोशिशों का असर हुआ। आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।बड़गांव थानाध्यक्ष विनीता कुमारी ने बताया कि युवती की पहचान प्रतापगढ़ निवासी सिमरन के रूप में हुई है। उसके परिजनों से संपर्क किया गया है और उनके आने के बाद युवती को उनके सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह घटना सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों की संवेदनशीलता और भावनात्मक आवेग में उठाए गए खतरनाक कदमों की एक बड़ी मिसाल बन गई है। समय रहते पुलिस की सक्रियता ने एक संभावित हादसे को टाल दिया, वरना यह प्रेम कहानी किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी।
रिपोर्ट- वरुण ठाकुर