विष्णुपद मंदिर में कल सजेगी भजनों की शाम, रिनी चंद्रा और विक्की छपरा की सुरमयी प्रस्तुति से भक्तिमय होगा महायज्ञ का समापन

विष्णुपद मंदिर में कल सजेगी भजनों की शाम, रिनी चंद्रा और विक

Gayaji : धार्मिक नगरी गयाजी के ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर परिसर में चल रहे श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के पावन अवसर पर सोमवार, 27 अप्रैल की रात एक भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा। श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभूलाल बिठ्ठल ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पिछले आठ दिनों से चल रहे इस महायज्ञ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया है। इसी अनुष्ठान की पूर्णता के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष सांस्कृतिक और धार्मिक संध्या आयोजित की जा रही है।


दिग्गज कलाकारों की सुरमयी प्रस्तुति 

इस जागरण का मुख्य आकर्षण मुंबई की प्रसिद्ध भजन गायिका रिनी चंद्रा और चर्चित गायक विक्की छपरा होंगे। रिनी चंद्रा अपनी मधुर आवाज और विशेष भजनों के माध्यम से गयाजी के श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगी, वहीं विक्की छपरा के भजनों पर पूरी रात भक्ति का रंग चढ़ा रहेगा। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होकर अगले दिन अहले सुबह 4 बजे तक चलेगा, जिसमें धार्मिक गीतों और भजनों की अविरल धारा बहेगी।


विशिष्ट अतिथि करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन 

कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका उद्घाटन गया के जिलाधिकारी (DM) शशांक शुभंकर, नगर निगम के मेयर गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर सह पार्षद अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। उद्घाटन सत्र के दौरान शहर के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे। प्रशासन और समिति के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।


भक्ति के रंग में डूबा मंदिर परिसर 

मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान और स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि महायज्ञ के दौरान होने वाले वैदिक मंत्रोच्चार से विष्णुपद क्षेत्र की गलियां पहले ही आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हैं। जागरण के माध्यम से इस वातावरण को और भी प्रभावशाली बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और बैठने की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को असुविधा न हो।


शहरवासियों से शामिल होने की भावुक अपील 

प्रबंधकारिणी समिति और नगर निगम के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से तमाम शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोमवार की देर शाम बड़ी संख्या में विष्णुपद मंदिर पहुँचकर इस पुण्य कार्य का लाभ उठाएं। प्रेस वार्ता के दौरान गजधार लाल पाठक, मणि लाल बारीक और प्रेम नाथ टाइयां सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे। जागरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और गयाजी एक बार फिर 'जय श्री हरि' के जयघोष से गुंजायमान होने को तैयार है।


मनोज कुमार की रिपोर्ट