Bihar road accident: बाराचट्टी में दर्दनाक हादसा! ट्रक की चपेट में 15 साल की छात्रा की मौत

Bihar road accident: बाराचट्टी के जीटी रोड पर ट्रक की चपेट में आने से 15 साल की छात्रा करिश्मा कुमारी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश और जाम की स्थिति बनी।

Bihar road accident
ट्रक ने ली मासूम की जान- फोटो : freepik

Bihar road accident: बाराचट्टी के जीटी रोड पर काहुदाग इलाके के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 15 साल की एक छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान काहुदाग टोला बसेड़िया की रहने वाली करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है। करिश्मा राज मिस्त्री सत्येंद्र दास की सबसे छोटी बेटी थी और वह बाराचट्टी के प्लस टू हाई स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ती थी।

जानकारी के मुताबिक, करिश्मा सुबह अपनी कुछ सहेलियों के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी। जैसे ही वह जीटी रोड के काहुदाग इलाके के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसा इतना तेज था कि करिश्मा की साइकिल ट्रक के पिछले पहिए में फंस गई और वह उसके नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया

घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और छात्रा को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।हादसे के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया और लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए कुछ समय के लिए आवागमन रोक दिया। इससे एक लेन पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया है। वहीं ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।थाना प्रभारी अमरेंद्र किशोर ने लोगों को भरोसा दिया कि इस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय लोग और परिजन अंचल अधिकारी अरुण कुमार सिंह से भी मिले। लोगों ने मृतका के परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की। इस पर सीओ ने आश्वासन दिया कि सभी जरूरी कागजात पूरे होने के बाद सहायता राशि दी जाएगी।ग्रामीणों ने जीटी रोड की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि काहुदाग से गजरागढ़ तक सड़क पर न तो अंडरपास है और न ही ओवरब्रिज, जिसकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने इस मुद्दे को स्थानीय विधायक ज्योति देवी के सामने भी उठाया। विधायक ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को जिला प्रशासन के सामने रखकर समाधान की कोशिश करेंगी।