50 हजार रिश्वत लेते नगर प्रखण्ड के BDO गिरफ्तार, निगरानी टीम ने प्रखण्ड प्रमुख के कक्ष से दबोचा

सोमवार को नगर प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (BDO) राकेश कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया । निगरानी की टीम ने यह छापेमारी प्रखण्ड कार्यालय स्थित प्रखण्ड प्रमुख के कक्ष में की, जहाँ बीडीओ लेबर मद की बकाया राशि के भुगतान

50 हजार रिश्वत लेते नगर प्रखण्ड के BDO गिरफ्तार, निगरानी टीम

Gayaji/patna : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने गया जिले के नगर प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नगर प्रखण्ड कार्यालय स्थित प्रखण्ड प्रमुख के कक्ष से ही की गई है।

भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, नगर प्रखण्ड की वर्तमान प्रखण्ड प्रमुख सुचिता रंजनी ने ब्यूरो कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात लेबर मद में बकाया 3,50,000 रुपये की राशि का भुगतान करने के एवज में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

निगरानी टीम का 'ट्रैप' और गिरफ्तारी

ब्यूरो ने प्राप्त शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्री सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। सोमवार को जैसे ही अभियुक्त राकेश कुमार ने प्रखण्ड प्रमुख के कक्ष में 50,000 रुपये की पहली किस्त ली, निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

कोर्ट में किया जाएगा पेश

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत उन्हें पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी में पेश किया जाएगा। ब्यूरो अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच कर रहा है।

2026 में भ्रष्टाचार पर 16वीं कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 16वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से 14 मामले 'ट्रैप' (रंगे हाथ गिरफ्तारी) से संबंधित हैं। अब तक कुल 11 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है और रिश्वत की कुल 7,15,000 रुपये की राशि बरामद की गई है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार