Gaya Ji Crime: गया में मंगलसूत्र खोने पर नवविवाहिता की हत्या, शादी के 12 दिन बाद दर्दनाक मौत
Gaya Ji Crime: गया जिले में शादी के 12 दिन बाद नवविवाहिता गीता कुमारी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है।
Gaya Ji Crime: गया जिले के कोच थाना क्षेत्र के मंझियामा गांव में शादी के सिर्फ 12 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान परैया थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी शिव पासवान की 20 वर्षीय बेटी गीता कुमारी के रूप में हुई है।मायके वालों ने गीता के पति अमित कुमार, सास-ससुर और परिवार के अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि गीता की शादी 30 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल मंझियामा गांव में रह रही थी।
परिवार के अनुसार घटना वाली रात गीता अपने पति और परिवार के साथ इच्छापुर मेले से लौटकर घर आई थी। आरोप है कि मेले से लौटने के बाद उसका मंगलसूत्र कहीं खो गया था। इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया।मायके पक्ष का कहना है कि मंगलसूत्र खोने के बाद गीता के साथ मारपीट की गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी सास ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। कुछ देर बाद गीता की मौत की खबर परिवार को दी गई।
मृतका के परिजनों का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि गीता की हत्या डंडे के सहारे गला दबाकर की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जब वे मौके पर पहुंचे तो शव को जल्दबाजी में ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद कोच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और दुख का माहौल बना हुआ है। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।