Bihar News : CRPF 47 वीं बटालियन में लोहड़ी की मची धूम, कमांडेंट अवधेश कुमार ने जवानों को दी शुभकामनाएं, अग्नि को आहुति देकर की सुख-शांति की कामना
GAYAJI : जेल परिसर स्थित 47 वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के मुख्यालय में लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। बटालियन के कमांडेंट अवधेश कुमार ने विधि-विधान पूर्वक पूजन कर लोहड़ी की पवित्र अग्नि प्रज्वलित की। इस अवसर पर कमांडेंट सहित सभी अधिकारियों और जवानों ने अग्नि में मूंगफली, रेवड़ी और खील अर्पित कर ईश्वर से राष्ट्र की समृद्धि और सबके लिए सुख-शांति की प्रार्थना की।
समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट अवधेश कुमार ने जवानों और उनके परिजनों को लोहड़ी व मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोहड़ी और मकर संक्रांति सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने इस उत्सव के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लोहड़ी पर जलाई जाने वाली यह अग्नि सूर्य के उत्तरायण होने के दिन का 'पहला विराट एवं सार्वजनिक यज्ञ' कहलाता है।
कार्यक्रम के दौरान बटालियन परिसर का माहौल उत्सवमय बना रहा। जवानों ने आपसी भाईचारे के साथ रेवड़ी और मूंगफली का लुत्फ उठाया। कमांडेंट ने बताया कि लोहड़ी की शाम को जहां लकड़ियों की ढेरी की विशेष पूजा की जाती है, वहीं अगले दिन मकर संक्रांति के पावन स्नान के बाद लोग इसी अग्नि की गर्मी से ऊर्जा प्राप्त कर अपने घरों को जाते हैं, जो जीवन में नई स्फूर्ति का संचार करता है।
इस विशेष आयोजन में कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. एस. के. राय, द्वितीय कमान अधिकारी आर. यू. शर्मा और डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और बल के जवान मौजूद रहे। सीमा और सुरक्षा की कठिन चुनौतियों के बीच जवानों के लिए यह उत्सव घर जैसा माहौल और मानसिक मजबूती प्रदान करने वाला साबित हुआ।