Bihar News: 'राहुल गांधी की खोपड़ी उल्टी है' , किसानों के बिल पर जीतन राम मांझी का करारा पलटवार, कहा- 95 फीसदी फायदे को क्यों छिपा रहे हैं लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष?

Bihar News: सियासत का पारा उस वक्त चढ़ गया,जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा और सख्त हमला बोला। ...

Rahul Gandhi s Thinking Is Twisted Jitan Ram Manjhi Hits Bac
'राहुल गांधी की खोपड़ी उल्टी है' - फोटो : reporter

Bihar News:  सियासत का पारा उस वक्त चढ़ गया,जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा और सख्त हमला बोला। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मांझी ने किसानों से जुड़े बिल को लेकर राहुल गांधी के बयान को “गुमराह करने वाला” करार दिया।गया जिले के गया शहर स्थित एसएसपी कोठी के पास एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस नेता पर जमकर निशाना साधा।

मांझी ने तल्ख लहजे में कहा, “राहुल गांधी जिस बिल को किसानों के लिए नुकसानदेह बता रहे हैं, वह सरासर गलत है। कल हम लोग यह सब सुन रहे थे और उसी रात इस पर चर्चा भी कर रहे थे। राहुल गांधी की खोपड़ी उल्टी है। उन्हें समझ ही नहीं है कि असलियत क्या है।” उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

केंद्रीय मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि इस बिल से 95 प्रतिशत लोगों को सीधा फायदा हो रहा है, जबकि महज 5 प्रतिशत मामलों में लेन-देन से जुड़ी कुछ समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा, “अगर 95 प्रतिशत लोग फायदा में हैं और 5 प्रतिशत को थोड़ा नुकसान होता है, तो इसमें कौन-सी बड़ी बात है? लेकिन राहुल जी 5 प्रतिशत को दिखाकर 95 प्रतिशत को नजरअंदाज कर रहे हैं।”

मांझी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना तथ्यों के जनता को भ्रमित करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह बिल किसानों और आम जनता के हित में है और इसका मकसद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।

सियासत की इस जंग में अब बयानबाज़ी तेज हो गई है। एक ओर राहुल गांधी किसानों के हक की लड़ाई का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर मांझी इसे विकास और बहुसंख्यक लाभ का मुद्दा बता रहे हैं। देखना होगा कि इस मुद्दे पर आगे राजनीतिक बहस किस मोड़ पर पहुंचती है, लेकिन इतना तय है कि बयान ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है।

रिपोर्ट - मनोज कुमार