Pitru Paksha Mela:पितृपक्ष से पहले गयाजी की सड़कों का युद्धस्तरीय कायाकल्प, 24 सितंबर तक सभी प्रमुख मार्ग दुरुस्त करने का लक्ष्य

Pitru Paksha Mela: गया में पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर तेज कर दिया है।

Pitru Paksha Mela 2026
गयाजी की सड़कों का युद्धस्तरीय कायाकल्प- फोटो : reporter

Pitru Paksha Mela: गया में पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पिंडदानियों के गया पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन का फोकस सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने पर है।

पथ निर्माण विभाग (RCD) ने मेला क्षेत्र और तीर्थयात्रियों के प्रमुख आवागमन मार्गों से जुड़ी 35 सड़कों को मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के लिए चिह्नित किया है। इनमें विष्णुपद मंदिर, गया रेलवे स्टेशन, पिंडदान स्थलों, फल्गु नदी के घाटों और बोधगया की ओर जाने वाले अहम रास्ते शामिल हैं।

गया जी टाउन क्षेत्र में विष्णुपद मंदिर से सीधे या संपर्क मार्ग के तौर पर जुड़ी 21 सड़कों में से 14 सड़कों पर पॉट होल पैचिंग, रिक्टीफिकेशन और मरम्मत का काम 19 सितंबर तक पूरा कर लिया गया है। शेष सड़कों पर काम तेजी से जारी है और प्रशासन ने इसे 24 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

प्रमुख मार्गों में बाटा मोड़-रेलवे हॉस्पिटल-काजमी मोड़-मिर्जागालिब कॉलेज रोड, काशीनाथ मोड़-बाटा मोड़-गुरुद्वारा रोड, वेस्ट चर्च रोड, गेवाल बिगहा रोड, गोदावरी रोड, गया-बोधगया रोड, चंद चौरा-रामसागर-कोइरीबारी रोड, गया स्टेशन-गुरुद्वारा-गोलपत्थर चौक रोड और चंदचौरा-विष्णुपद-बंगाली आश्रम-NH-82 रोड शामिल हैं।

प्रशासन ने संबंधित अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मेला शुरू होने से पहले सभी जरूरी सड़क सुधार कार्य पूरे किए जाएं। मरम्मत के दौरान आम लोगों और तीर्थयात्रियों के आवागमन में कम से कम बाधा हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।सड़क व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता जैसी नागरिक सुविधाओं को भी समन्वित तरीके से तैयार किया जा रहा है। जिला प्रशासन सड़क कार्यों की लगातार समीक्षा और निगरानी कर रहा है, ताकि पितृपक्ष के दौरान गया आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट- प्रेम भारद्वाज