Bihar News: गया रेलवे स्टेशन पर RPF को मिली बड़ी कामयाबी, अपहृत 16 वर्षीय लड़की को सुरक्षित किया बरामद
Bihar News: Bihar News: रेलवे सुरक्षा बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहरण के मामले में दर्ज 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।
Gaya: गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत अपहरण के मामले में दर्ज 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई से एक संभावित अनहोनी टल गई। रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता और मुस्तैदी की वजह से लड़की को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने का रास्ता साफ हुआ।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र की रहने वाली खुशी कुमारी के अपहरण को लेकर मामला दर्ज कराया गया था। इस सिलसिले में कपसेठी थाना पुलिस की ओर से गया रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही RPF ने मामले को गंभीरता से लिया और रेलवे स्टेशन परिसर में तलाश अभियान शुरू कर दिया।
निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में छानबीन की। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मिडिल ब्रिज के नीचे नाबालिग लड़की दिखाई दी। RPF कर्मियों ने तत्काल उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। महिला पुलिसकर्मी की मदद से लड़की को RPF पोस्ट लाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। साथ ही उसकी जरूरतों का ख्याल रखते हुए खाने-पीने की भी मुकम्मल व्यवस्था की गई।
इसके बाद वाराणसी के कपसेठी थाना से अवर निरीक्षक आयुष कुमार ओझा और लड़की के माता-पिता गया रेलवे स्टेशन पहुंचे। जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने खुशी कुमारी को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस की ओर से की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम में गया RPF की फौरी कार्रवाई और बेहतर तालमेल की अहम भूमिका रही। ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और नाबालिगों की हिफाजत के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता को उजागर किया है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार