Bihar News : गयाजी में वज्रपात का कहर, आम चुनने गए तीन किशोरों की आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत, गांव में छाया मातम

Bihar News : गयाजी में वज्रपात का कहर, आम चुनने गए तीन किशोर

GAYAJI : जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत योगापुर गांव में सोमवार की शाम कुदरत ने ऐसा कहर बरपाया कि तीन मासूम जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। बगीचे में आम चुनने गए तीन नाबालिग बच्चों पर अचानक आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलते-कूदते गए थे बगीचे, शव बनकर लौटे

मृतकों की पहचान सुरेंद्र मांझी के 15 वर्षीय पुत्र दिलकेश्वर कुमार, स्वर्गीय छोटू मांझी के 14 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार और राजेंद्र मांझी के 16 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त सोमवार शाम गांव के पास ही एक बगीचे में आम चुनने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। ग्रामीण आनन-फानन में बच्चों को शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रशासनिक अमला मौके पर, परिजनों को ढांढस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) स्नेहिल आनंद, अंचलाधिकारी (CO) अमित कुमार, प्रखंड प्रमुख नरेश मांझी और थानाध्यक्ष मोहन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान, तत्काल आर्थिक मदद

शेरघाटी के प्रभारी अंचलाधिकारी अमित कुमार ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के अनुसार, प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही, तात्कालिक सहायता के रूप में परिवारों को 20-20 हजार रुपये की राशि तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है।

योगापुर गांव में पसरा सन्नाटा

प्रखंड प्रमुख नरेश मांझी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा प्रशासन और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस हादसे ने न केवल योगापुर गांव बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। तीन किशोरों की एक साथ अर्थी उठने की खबर से हर ग्रामीण की आँख नम है। क्षेत्र में इस सीजन में वज्रपात की यह सबसे बड़ी और दर्दनाक घटना बताई जा रही है।

मनोज की रिपोर्ट