Bihar News : बीच सड़क पर आधे घंटे तक महिला को नोचते रहे एक दर्जन आवारा कुत्ते, गंभीर रूप से हुई जख्मी, इलाज के लिए भेजी गयी अस्पताल

GOPALGANJ : जिले में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला पर दर्जनों आवारा कुत्तों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह भयावह घटना गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात कुचायकोट थाना गेट के पास यह दर्दनाक मंजर देखा गया। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई यह वारदात अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पीड़ित महिला की पहचान सरिता देवी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि सरिता देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और बीते कुछ दिनों से भटकते हुए कुचायकोट इलाके में रह रही थीं। देर रात तड़के करीब 3 बजे अचानक दर्जनों की संख्या में आवारा कुत्ते महिला पर टूट पड़े और उसे बुरी तरह से नोंचते और घसीटते रहे। दर्द से चीखती महिला की मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन कुत्ते लगातार हमला करते रहे। कई घंटे तक महिला तड़पती रही। आखिरकार स्थानीय लोगों ने कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह घटना प्रशासन और नगर परिषद की लापरवाही को भी उजागर करती है, जहां आवारा कुत्तों की समस्या जानलेवा बन चुकी है। बड़ा सवाल यही है कि कब जागेगा प्रशासन?
गोपालगंज से नमो नारायण की रिपोर्ट