बेलवनवा हनुमान मंदिर महंत का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर बुलाई गई महापंचायत, प्रशासन ने मंदिर को अपने नियंत्रण में लिया
गोपालगंज के ऐतिहासिक बेलवनवा हनुमान मंदिर के महंत का आपत्तिजनक वीडियों वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इधर प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर को अपने नियंत्रण में ले लिया है......
Gopalganj : जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बेलवनवा हनुमान मंदिर से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने महंत बृजमोहन दास के आचरण पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
महापंचायत में ग्रामीणों का हंगामा और महंत को हटाने की मांग
इस मामले को लेकर मंदिर परिसर में एक विशाल महापंचायत बुलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि वायरल वीडियो से मंदिर की धार्मिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है। लोगों ने एक स्वर में मांग की कि महंत और उनसे जुड़े लोगों को तुरंत मंदिर परिसर से हटाया जाए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौके पर त्वरित कार्रवाई
विवाद और तनाव की सूचना मिलते ही कुचायकोट सीओ मनोरंजन कुमार शुक्ला और थानाध्यक्ष दर्पण सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वायरल वीडियो की तकनीकी व वैज्ञानिक जांच कर उसे डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है तथा इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने मंदिर की व्यवस्था को लिया अपने नियंत्रण में
जिलाधिकारी के निर्देश और धार्मिक न्यास बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के बाद प्रशासन ने बेलवनवा हनुमान मंदिर की व्यवस्था को अपने नियंत्रण में ले लिया है। फिलहाल प्रशासनिक निगरानी और देखरेख में ही मंदिर में नियमित पूजा-पाठ और राग-भोग की व्यवस्था संचालित की जा रही है।
मंदिर प्रबंधन और जमीन को लेकर पहले से भी रहा है विवाद
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ऐतिहासिक मंदिर के प्रबंधन, जमीन और व्यवस्था को लेकर पहले भी विभिन्न पक्षों के बीच विवाद और शिकायतें सामने आती रही हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और धार्मिक न्यास बोर्ड के अगले निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट