Bihar News : गोपालगंज में नहीं थम रही दुष्कर्म की घटनाएं, किशोरी के बाद अब बदमाशों ने ट्रांसजेंडर के साथ किया ‘गन्दा काम’, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : गोपालगंज में एक ट्रांसजेंडर के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Bihar News : गोपालगंज में नहीं थम रही दुष्कर्म की घटनाएं, कि
नाबालिग से दुष्कर्म - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज से एक बेहद शर्मनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है। एक किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना गोपालगंज जिले के एक गांव की है। पीड़िता की मां के अनुसार किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए, जबकि पीड़िता गंभीर अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तत्काल इलाज के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पीड़िता की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है।

हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि फरार आरोपी कब तक कानून के शिकंजे में आते हैं।

वहीँ घटना के एक दिन बाद अब इलाके में एक ट्रांसजेंडर के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि सोमवार देर रात वह अपने बथान में सो रही थी, तभी एक युवक वहां पहुंचा और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद राम को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

 लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही दुष्कर्म की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में कार्रवाई का दावा कर रही है, लेकिन लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आरोपियों को कितनी जल्दी और कितनी सख्त सजा दिलाई जाती है।

नमो नारायण की रिपोर्ट