सदर अस्पताल में अवैध वसूली का आरोप: जन्म प्रमाण पत्र के लिए मांगे जा रहे पैसे
गोपालगंज जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सदर अस्पताल में जन्म प्रमाण-पत्र बनाए जाने को लेकर घूस का एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है। पीड़ित द्वारा इस संबंध में जिलाधिकारी और अस्पताल के प्रबंधक से लिखित शिकायत दर्ज कराया गया है....
Gopalganj : जिले के सदर अस्पताल में सरकारी सेवाओं के नाम पर अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में नवजातों का जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) बनाने के एवज में अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही है। मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक पीड़ित युवक ने इस मनमानी के खिलाफ सीधे जिला पदाधिकारी से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
ओपीडी काउंटर पर पैसे मांगने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव निवासी 29 वर्षीय सोनू कुमार ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपा है। सोनू कुमार ने बताया कि वह अपने बेटे और बेटी का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल के ओपीडी भवन स्थित कक्ष संख्या-15 में गए थे। पीड़ित का आरोप है कि काउंटर पर मौजूद कर्मी ने उनके दस्तावेज जमा कराने के बाद प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उनसे 600 रुपये की मांग की।
जल्द काम कराने के नाम पर अतिरिक्त पैसे की मांग
शिकायतकर्ता सोनू कुमार का कहना है कि जब उन्होंने कर्मी से पैसे मांगने की वजह पूछी, तो उन्हें दो टूक कहा गया कि सरकारी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए यह निर्धारित शुल्क देना ही पड़ेगा। इतना ही नहीं, जन्म प्रमाण पत्र जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे 200 रुपये अतिरिक्त (कुल 800) देने का दबाव भी बनाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी उनसे इसी तरह काम कराने के नाम पर अवैध रूप से पैसे लिए जा चुके हैं।
पीड़ित ने की निष्पक्ष जांच की मांग
सदर अस्पताल में चल रहे इस खेल से तंग आकर पीड़ित सोनू कुमार ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि अस्पताल के ओपीडी काउंटर पर तैनात भ्रष्ट और दोषी कर्मी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को इस मानसिक और आर्थिक शोषण से मुक्ति मिल सके।
अस्पताल प्रबंधन ने दिया जांच का आश्वासन
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए सदर अस्पताल के प्रबंधक जान मोहम्मद ने बताया कि उन्हें इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कराई जाएगी। अस्पताल प्रबंधक ने सख्त लहजे में कहा कि यदि जांच के दौरान अस्पताल का कोई भी कर्मी अवैध वसूली के मामले में संलिप्त या दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट