Anant Singh: मोकामा के छोटे सरकार हाजिरी देने पहुंचे कोर्ट , अश्लील डांस और हथियार लहराने के केस में अनंत सिंह ने भरा बेल बॉन्ड, सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त
Anant Singh: बिहार की सियासत के चर्चित बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार आज यानी सोमवार को गोपालगंज सिविल कोर्ट की एसीजेएम अदालत में पेश हुए। ...
Anant Singh: बिहार की सियासत के चर्चित बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार आज यानी सोमवार को गोपालगंज सिविल कोर्ट की एसीजेएम अदालत में पेश हुए। उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी अदालत पहुंचे। दोनों को अश्लील डांस कराने और सार्वजनिक रूप से हथियार लहराने से जुड़े मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत बेल बॉन्ड दाखिल करना था। इस हाई-प्रोफाइल पेशी को लेकर अदालत परिसर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए थे।
यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ संस्कार समारोह से जुड़ा है। आरोप है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस कराया गया और खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस केस में अनंत सिंह और गुंजन सिंह समेत कुल सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
गिरफ्तारी की आशंका के बीच अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह दोनों आरोपियों ने पहले ही अदालत का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी थी। सोमवार को उसी आदेश के अनुपालन में दोनों अदालत में हाज़िर हुए और बेल बॉन्ड भरकर कानूनी औपचारिकता पूरी की।
अनंत सिंह की पेशी को देखते हुए गोपालगंज व्यवहार न्यायालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि समर्थकों की भीड़ या किसी संभावित हंगामे की स्थिति से निपटा जा सके। हालांकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
फिलहाल मामले की सुनवाई न्यायालय में जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अदालत में अब इस बहुचर्चित मामले की अगली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा