अनंत सिंह केस की गोपालगंज कोर्ट में सुनवाई आज, पटना से पहुंचे दिग्गज वकील सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वायरल वीडियो के हथियारों की होगी बैलेस्टिक जांच

Anant Singh Case: बिहार की सियासत के छोटे सरकार कहे जाने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह के इर्द-गिर्द गोपालगंज में कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है।

Anant Singh
अनंत सिंह पर कोर्ट में कानूनी दंगल- फोटो : Hiresh Kumar

Anant Singh Case: बिहार की सियासत के छोटे सरकार कहे जाने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह के इर्द-गिर्द गोपालगंज में कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। मीरगंज थाने में दर्ज प्राथमिकी के बाद अब यह मामला पूरी तरह से वैज्ञानिक साक्ष्यों और अदालती जिरह के इर्द-गिर्द सिमट गया है।

आज गोपालगंज कोर्ट में होने वाली सुनवाई को लेकर जिले का सियासी पारा  हाई है। पटना हाईकोर्ट के दिग्गज वकीलों की मौजूदगी यह साफ करती है कि बचाव पक्ष FIR के कानूनी पहलुओं  को चुनौती देने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है। वहीं, अभियोजन पक्ष वायरल वीडियो को ठोस सबूत के तौर पर पेश करने की तैयारी में है। सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बता दें सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने विधायक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अपराध की भाषा में कहें तो पुलिस अब प्रतिबंधित हथियारों  के इस्तेमाल की थ्योरी पर काम कर रही है। गोपालगंज पुलिस ने इन हथियारों की असलियत जानने के लिए एफएसएल  और बैलेस्टिक जांच का सहारा लिया है। बैलेस्टिक रिपोर्ट यह साफ करेगी कि वीडियो में दिख रहे असलहे असली हैं या खिलौने, और क्या उनसे कभी कोई फायरिंग की गई है।

मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर दर्ज मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हथियारों की अब एफएसएल और बैलेस्टिक जांच कराई जाएगी। पुलिस का दावा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गोपालगंज में वायरल हथियार प्रदर्शन मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ मीरगंज थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। दरअसल, बीते 2 और 3 मई को सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हुए थे, जिनमें समर्थकों के हाथों में हथियार दिखाई दे रहे थे। पुलिस को आशंका है कि वीडियो में दिख रहे कुछ हथियार प्रतिबंधित श्रेणी के हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने वायरल वीडियो को एफएसएल जांच के लिए भेजने का फैसला लिया है। साथ ही हथियारों की बैलेस्टिक जांच भी कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार असली हैं या नहीं और उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं।

पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और बैलेस्टिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है। गोपालगंज में वायरल वीडियो को लेकर बढ़ी सियासी और कानूनी हलचल के बीच अब सबकी नजर एफएसएल और बैलेस्टिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा