Bihar News : गोपालगंज में ऑनर किलिंग ! बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज भाई ने की युवक की हत्या, केस को की 'जातीय रंग' देने की साजिश, 12 घंटे में पुलिस ने किया पर्दाफाश

Bihar News : गोपालगंज में बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज भाई ने की युवक की हत्या कर दी. इस मामले का 12 घंटे में पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में ऑनर किलिंग ! बहन के प्रेम-प्रसंग स
प्रेम प्रसंग में हत्या - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : जिले में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस हत्या को जातीय रंग देने की कोशिश की गई थी, उसकी सच्चाई कुछ और ही निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक के मोबाइल से भ्रामक मैसेज भी भेजा गया था। मामला हथुआ थाना क्षेत्र के सोहागपुर गांव का है। मृतक अनीश कुमार बीते दिनों शाम करीब साढ़े छह बजे साइकिल से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और अगले दिन पुलिस को इसकी सूचना दी गई। हथुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। खोजबीन के दौरान अनीश का शव बरामद हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया।

हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले की परतें खोलनी शुरू कीं। जांच के दौरान दीपक राम को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सना कपड़ा और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग हत्या की वजह बनकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी बहन और मृतक के बीच संबंधों से नाराज था। इसी वजह से उसने अनीश ने बुलाकर हत्या की साजिश रची और वारदात को दिया था अंजाम। हत्या के बाद पुलिस को भ्रमित करने और मामले को दूसरी दिशा देने के लिए मृतक के मोबाइल से जाति विशेष के नाम पर भड़काऊ संदेश भी भेजा गया था। हालांकि तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।

हत्या के इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर कई अहम साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और साजिश के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नमो नारायण की रिपोर्ट