मुर्गियों की आड़ में बीयर तस्करी का खेल बेनकाब! 5 तस्कर गिरफ्तार, पिकअप और स्कॉर्पियो जब्त

जांच के दौरान मुर्गियों से लदी एक पिकअप और उसके आगे-पीछे चल रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। जब पुलिस ने पिकअप में रखे मुर्गियों के क्रेट हटाए तो उनके बीच बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गई

Gopalganj Beer smuggling
Gopalganj Beer smuggling- फोटो : news4nation

Bihar News: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। गोपालगंज में तस्करों ने इस बार मुर्गियों से लदी पिकअप का इस्तेमाल कर बीयर की खेप बिहार पहुंचाने की योजना बनाई थी। हालांकि कटेया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस तस्करी का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप और लाइनर के रूप में चल रही एक स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।


यह कार्रवाई कटेया थाना क्षेत्र के तेतरिया पुल के समीप की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से मुर्गियों की आड़ में अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू किया।


जांच के दौरान मुर्गियों से लदी एक पिकअप और उसके आगे-पीछे चल रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। जब पुलिस ने पिकअप में रखे मुर्गियों के क्रेट हटाए तो उनके बीच बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गई करीब 120 लीटर बीयर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर उत्तर प्रदेश से बीयर की खेप मोतिहारी ले जा रहे थे। पुलिस का मानना है कि स्कॉर्पियो लाइनर वाहन के रूप में आगे चल रही थी, ताकि रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिल सके और जरूरत पड़ने पर पिकअप को सतर्क किया जा सके।


फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट