Bihar Teachers Suspended: बिहार में छात्राओं को निजी खर्च पर राजगीर घुमाने वाले शिक्षक निलंबित, वायरल वीडियो से मचा बवाल
Bihar Teachers Suspended: गोपालगंज जिले में सरकारी स्कूल की छात्राओं को बिना विभागीय अनुमति राजगीर घुमाने का मामला तूल पकड़ गया है। ...
Bihar Teachers Suspended: गोपालगंज जिले में सरकारी स्कूल की छात्राओं को बिना विभागीय अनुमति राजगीर घुमाने का मामला तूल पकड़ गया है। शिक्षक द्वारा अपने निजी खर्च पर 11वीं कक्षा की छह छात्राओं को भ्रमण कराने और इसका वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षक की पिटाई कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जांच कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक एहसान अख्तर और विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव को निलंबित कर दिया है।
मामला थावे प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, शिक्षक एहसान अख्तर ने दो से पांच अक्टूबर के बीच 11वीं कक्षा की छह छात्राओं को अपने निजी खर्च पर राजगीर की सैर कराई थी। आरोप है कि इस यात्रा के लिए अभिभावकों को सरकारी योजना के तहत भ्रमण कराने की जानकारी देकर सहमति ली गई थी। हालांकि, इस यात्रा के लिए न तो विभागीय अनुमति ली गई थी और न ही विद्यालय प्रशासन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था।
बुधवार को छात्राओं के राजगीर भ्रमण से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंच गए और शिक्षकों के खिलाफ विरोध जताने लगे। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने एहसान अख्तर की पिटाई कर दी। वहीं, शिक्षक सूचित तिवारी पर विद्यालय में हाजिरी बनाकर गायब रहने का आरोप लगाते हुए उनके साथ भी मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ने पर प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव किसी तरह विद्यालय परिसर से निकल गए।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि छात्राओं को अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन को समुचित जानकारी दिए बिना बाहर ले जाया गया। उन्होंने तीनों शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा विद्यालय की घेराबंदी करने की चेतावनी भी दी।
हंगामे की सूचना पर उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सम्राट शिवमणि, बीपीआरओ पुष्पेंद्र पुष्कर और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जिला शिक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर करीब ढाई घंटे तक पूछताछ और छानबीन की।जिला शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में शिक्षक एहसान अख्तर द्वारा छात्राओं को अनधिकृत रूप से राजगीर ले जाने की पुष्टि की गई। जांच में यह भी सामने आया कि प्रधानाध्यापक को इस भ्रमण की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने वरीय अधिकारियों को सूचित नहीं किया था। इसके अलावा विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कर अनुपस्थित रहने, परीक्षा संचालन में अनियमितता और प्रबंधन संबंधी शिकायतें भी जांच में सही पाई गईं।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर हुई जांच के बाद शिक्षक एहसान अख्तर और प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव को निलंबित कर दिया गया। वहीं, शिक्षक सूचित तिवारी के खिलाफ भी शिकायतों को लेकर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।इस घटना ने सरकारी विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, शैक्षणिक भ्रमण की अनुमति और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।