Bihar News : गोपालगंज में पुरानी रंजिश में हुई खूनी झड़प, सड़क पर चाकूबाजी के बाद सदर अस्पताल में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने चार को हिरासत में लिया

Bihar News : गोपालगंज जिले में पुरानी रंजिश ने मंगलवार को हिंसक और खूनी रूप ले लिया। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम जादोपुर मोड़ पर दो गुटों के बीच सरेराह हुई चाकूबाजी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Bihar News : गोपालगंज में पुरानी रंजिश में हुई खूनी झड़प, सड़
दो पक्षों में हिंसक झड़प - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज में पुरानी रंजिश ने मंगलवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। नगर थाना क्षेत्र के जादोपुर मोड़ पर दो पक्षों के बीच पहले सड़क पर चाकूबाजी हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे दोनों पक्ष वहां भी आमने-सामने आ गए और अस्पताल परिसर में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एक घायल को गोरखपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, जादोपुर मोड़ के समीप किसी पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से चाकूबाजी होने लगी। इस खूनी झड़प में दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। सदर अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और अस्पताल परिसर में फिर मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और चार लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घायलों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मठिया निवासी 25 वर्षीय विशाल कुमार और 14 वर्षीय साबिर अली के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार विशाल कुमार की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं साबिर अली का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और उसी पुरानी रंजिश के कारण यह हिंसक झड़प हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और अस्पताल परिसर में हुई मारपीट की घटना को भी जांच में शामिल किया गया है।

नमो नारायण की रिपोर्ट