Bihar Crime : गोपालगंज में फूल तोड़ने के विवाद में खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान हुई मौत
GOPALGANJ : जिले के मांझा थाना क्षेत्र के निमुईया गांव में बच्चों के द्वारा फूल तोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय बुनी यादव के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों के द्वारा फूल तोड़ने को कहासुनी से शुरू हुआ। विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए। इसके बाद माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे, बांस और लोहे की रॉड से हमला किया गया। अचानक हुई इस हिंसा से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायलों में से एक व्यक्ति की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही थी। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा उसे तुरंत गोरखपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वही मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र के माघी निमुइया गांव में बच्चों के फूल तोड़ने के विवाद को लेकर हुए मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
नमो नारायण की रिपोर्ट