Bihar News : गोपालगंज में एक करोड़ की शराब पर चला बुलडोजर, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ विनिष्टीकरण
Bihar News : गोपालगंज जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में जब्त की गई 14 हजार लीटर से अधिक शराब का विनिष्टीकरण कराया। जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रूपये बताई जा रही है....पढ़िए आगे
GOPALGANJ : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन इसके बावजूद शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर शराब की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि गोपालगंज पुलिस और उत्पाद विभाग भी तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा अलग-अलग मामलों में जब्त की गई 14 हजार 468 लीटर से अधिक देसी और विदेशी शराब का विनिष्टीकरण कराया गया। यह कार्रवाई दंडाधिकारी की मौजूदगी में बलथरी चेकपोस्ट और सभेय फील्ड में की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
गोपालगंज में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा जब्त भारी मात्रा में शराब को नष्ट किया गया। समाहर्ता के आदेश और उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में जब्त शराब का विनिष्टीकरण कराया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के 129 मामलों में जब्त 11,694.470 लीटर देसी एवं विदेशी शराब को नष्ट किया गया।
वहीं उत्पाद विभाग द्वारा दर्ज 50 मामलों में जब्त 2,774.025 लीटर शराब का भी विनिष्टीकरण किया गया। इस प्रकार कुल 179 मामलों में जब्त 14,468.495 लीटर शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। विनिष्टीकरण की कार्रवाई दो स्थानों - बलथरी चेकपोस्ट और सभेय फील्ड में दंडाधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुई। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों के अनुसार नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। पुलिस और उत्पाद विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि समाहर्ता के आदेश पर पुलिस विभाग के 129 और उत्पाद विभाग के 50 मामलों समेत कुल 179 मामलों में जब्त करीब 14 हजार 468 लीटर देसी एवं विदेशी शराब का विनिष्टीकरण कराया गया। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
नमो नारायण की रिपोर्ट