Bihar News : गोपालगंज शहर के बीचोंबीच गुजरनेवाली छाड़ी नदी होगी अतिक्रमणमुक्त, डीएम ने दिया अधिकारियों को दिया निर्देश
Bihar News : गोपालगंज शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली ऐतिहासिक छाड़ी नदी की बदहाल स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है.......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : गोपालगंज शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली छाड़ी नदी की बदहाल स्थिति को लेकर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अतिक्रमण और कचरे से कराह रही छाड़ी नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को कार्रवाई का स्पष्ट निर्देश दिया है।
डीएम के निर्देश पर छाड़ी नदी की जमीन और उस पर हुए अतिक्रमण की पैमाइश के लिए पांच अमीनों की टीम गठित की गई है। टीम द्वारा हजियापुर, गोपालगंज और सरैया समेत अलग-अलग इलाकों में नदी की जमीन का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के बाद नदी की जमीन पर पक्का अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया जाएगा और इसके बावजूद जमीन खाली नहीं करने वालों के खिलाफ बिहार लैंड एंक्रोचमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
छाड़ी नदी में अतिक्रमण के साथ-साथ कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे पानी का बहाव बाधित है और आसपास के इलाकों में जलजमाव एवं दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। प्रशासन का लक्ष्य नदी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ इसकी साफ-सफाई और जल प्रवाह को भी बेहतर करना है।
वहीं सदर सीओ रजत कुमार बरनवाल ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सात अमीनों की टीम नदी की जमीन की पैमाइश कर रही है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाएगा और तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर कानून के तहत कार्रवाई करते हुए नदी की जमीन को खाली कराया जाएगा।
नमो नारायण की रिपोर्ट