सर्पदंश से मासूम की मौत पर परिजनों का फूटा गुस्सा, गोपालगंज सदर अस्पताल में भारी हंगामा

 Snakebite in Gopalganj
Snakebite in Gopalganj- फोटो : news4nation

Snakebite in Gopalganj : गोपालगंज सदर अस्पताल में उस वक्त हंगामा मच गया, जब सर्पदंश का शिकार हुए 4 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिलने और डॉक्टरों के मौजूद नहीं रहने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दुर्ग मटिहनिया गांव निवासी जनमंजय कुमार के 4 वर्षीय पुत्र शिवांशु कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शिवांशु घर के बाहर खेल रहा था, तभी उसे सांप ने काट लिया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।


परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर वहां न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी मिला। उनका कहना है कि इलाज शुरू होने में हुई देरी के कारण मासूम की जान नहीं बच सकी। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।


परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन या संबंधित चिकित्सकों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऐसे में आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच और अस्पताल के पक्ष सामने आने के बाद ही हो सकेगी।