सिलेंडर सिंडिकेट का पर्दाफाश, गोपालगंज में छापा, 16 गैस सिलेंडर बरामद, किल्लत बनाकर ब्लैक गेम की साजिश का हुआ खुलासा
Bihar News:घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत के खेल पर पुलिस ने जोरदार शिकंजा कसते हुए एक बड़ा खुलासा किया है।
Gopalganj: जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत के खेल पर पुलिस ने जोरदार शिकंजा कसते हुए एक बड़ा खुलासा किया है। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में पुलिस की दबिश ने सिलेंडर सिंडिकेट की परतें खोल दीं, जहां एक वेंडर द्वारा अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों का जखीरा छिपाकर रखा गया था। मिली गुप्त इत्तला के आधार पर मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ठिकाने पर रेड डाली। छापेमारी के दौरान घर के अलग-अलग कमरों और छिपे हुए कोनों से कुल 16 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। यह बरामदगी अपने आप में इस बात का इशारा कर रही है कि इलाके में ब्लैक मार्केटिंग का बड़ा खेल रचा जा रहा था।
पुलिसिया पूछताछ में वेंडर कोई ठोस कागजात पेश नहीं कर सका, जिससे यह साफ हो गया कि सिलेंडरों का यह स्टॉक पूरी तरह अवैध था। पुलिस को शक है कि आरोपी आने वाले दिनों में गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा कर इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था यानी आम लोगों की जरूरत को मुनाफे का धंधा बनाने की साजिश रची जा रही थी।
कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच खौफ का माहौल है, क्योंकि पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब ऐसे काला खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर थाने लाया गया है और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
सदर एसडीपीओ ने इस मामले को गंभीर आर्थिक अपराध करार देते हुए कहा कि गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण सीधे तौर पर आम जनता के हक पर डाका डालने जैसा है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस ‘सिलेंडर कनेक्शन’ के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। यह कार्रवाई न सिर्फ एक बड़ी बरामदगी है, बल्कि जिले में कालाबाजारी करने वालों के लिए एक सख्त वार्निंग भी मानी जा रही है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा