Bihar News : गोपालगंज में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, प्रभावितों के लिए मुआवजे और राहत का दिया भरोसा

Bihar News : गोपालगंज के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने शिक्षा मंत्री सह स्थानीय विधायक मिथिलेश तिवारी बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे......पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे शिक्षा म
बाढ़ का जायजा - फोटो : SOCIAL MEDIA

GOPALGANJ : जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से उत्पन्न हुई गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए शिक्षा मंत्री सह स्थानीय विधायक मिथिलेश तिवारी बाढ़ प्रभावित इलाकों के स्थलीय निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बंजरिया, डुमरिया और गम्हारी सहित आधा दर्जन से अधिक प्रभावित गांवों का दौरा किया। मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत कर उनका हाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए।   

निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे कम्युनिटी किचन (सामुदायिक रसोई) की व्यवस्था और वहां तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता की खुद जांच की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि शरण स्थलों और राहत शिविरों में रह रहे लोगों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और समय पर पर्याप्त व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी दवाओं की निर्बाध आपूर्ति के भी निर्देश दिए।

बाढ़ के कारण किसानों को हुए व्यापक नुकसान पर चिंता जताते हुए शिक्षा मंत्री ने मौके से ही उपमुख्यमंत्री सह आपदा प्रबंधन मंत्री को टेलीफोन कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा जल्द से जल्द प्रदान करने के लिए बेहद गंभीर है। कृषि विभाग और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जलस्तर कम होते ही नुकसान का सटीक सर्वे कराया जाए ताकि पीड़ित किसानों के खातों में मुआवजे की राशि शीघ्र भेजी जा सके।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री से असामाजिक तत्वों या जलप्रवाह के दबाव में बांध काटे जाने की गंभीर शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि बांध में दरार/कटने के कारण बाढ़ का पानी बेहद तेजी से रिहायशी इलाकों और खेतों में फैल गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया और कहा कि यदि इसमें किसी की लापरवाही या साजिश सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस आपदा की कठिन घड़ी में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित जनता के साथ मुस्तैदी से खड़ा है। उन्होंने दोहराया कि संकट के इस दौर से उबरने, प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत पहुंचाने और बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।   

नमो नारायण की रिपोर्ट