मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत, परिजनो ने थाने के गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन
गोपालगंज जिले में भूमि विवाद में हुई मारपीट में घायल वृ्द्ध की इलाज के दौरान मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने शव को थाने के गेट पर रखकर आरोपितो की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की....
Gopalganj : जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व भूमि विवाद में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वृद्ध का शव मांझागढ़ थाने के मुख्य द्वार पर रखकर जोरदार हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
भूमि विवाद में हुई थी मारपीट, एक सप्ताह बाद तोड़ा दम
मामला मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मड़वा टोला गांव का है, जहां लगभग सात दिन पहले जमीन से जुड़े पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस मारपीट में एक वृद्ध गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप
वृद्ध की मौत से नाराज परिजनों का आरोप है कि मारपीट की घटना के तुरंत बाद पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन थानाध्यक्ष और स्थानीय पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। परिजनों का कहना है कि पुलिसिया ढिलाई के कारण ही आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे ग्रामीण बेहद आक्रोशित हैं।
कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात, स्थिति तनावपूर्ण
थाने के मुख्य गेट पर शव रखकर किए जा रहे हंगामे और बढ़ते तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कदम उठाया। एहतियात के तौर पर आसपास के कई थानों की पुलिस टीम को मौके पर तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने और निष्पक्ष जांच का भरोसा देने में जुटे हुए हैं।
थाना परिसर में पुलिस बल मुस्तैद, आरोपियों की तलाश तेज
फिलहाल मांझागढ़ थाना परिसर और मड़वा टोला क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले में संलिप्त दोषियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट