Bankipur Bypoll : प्रशांत किशोर की दावेदारी पर बोले MLC जनक राम– 'लोकतंत्र में सबको अधिकार, पर जनता का आशीर्वाद NDA के साथ'

Bankipur Bypoll :बिहार की हॉट सीट मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सूबे में सियासी बयानबाजी काफी तेज हो गई है। अपनी दावेदारी पेश कर रहे प्रशांत किशोर को लेकर पूर्व मंत्री जनक राम ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।

Bankipur Bypoll : प्रशांत किशोर की दावेदारी पर बोले MLC जनक
जनक राम की प्रतिक्रिया - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर उपचुनाव के प्रत्याशी प्रशांत किशोर की चुनावी दावेदारी पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य जनक राम ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन अंतिम फैसला जनता करती है। जनक राम ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता का समर्थन पहले भी भारतीय जनता पार्टी के साथ था और इस बार भी एनडीए उम्मीदवार को ही आशीर्वाद मिलेगा।

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य जनक राम ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता है और चुनाव में किसे जीत दिलानी है, इसका निर्णय मतदाता करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है और प्रशांत किशोर भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव मैदान में उतरे हैं।

जनक राम ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जब बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की सरकार थी और लालू प्रसाद यादव तथा राबड़ी देवी के नेतृत्व में शासन चल रहा था, तब भी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया था और वहां से भाजपा के विधायक लगातार जीतते रहे। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में बिहार और केंद्र दोनों जगह एनडीए की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में चल रही एनडीए सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है। इसी वजह से लोगों का विश्वास एनडीए के प्रति और अधिक मजबूत हुआ है।

जनक राम ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में चाहे कोई भी उम्मीदवार चुनाव लड़े, लेकिन जनता का आशीर्वाद एनडीए के साथ है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सम्राट चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व पर जनता को पूरा भरोसा है और इसका असर उपचुनाव के परिणाम में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और एक बार फिर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

नमो नारायण की रिपोर्ट