Bihar News : गोपालगंज में गंडक नदी में नहाने गए चार युवक तेज बहाव में बहे, तीन को ग्रामीणों ने बचाया, एक लापता

Bihar News : बिहार के गोपालगंज जिले से एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ गंडक नदी में नहाने गए चार युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे......पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में गंडक नदी में नहाने गए चार युवक तेज
गंडक में बहे चार युवक - फोटो : SOCIAL MEDIA

GOPALGANJ : गोपालगंज में गंडक नदी में नहाने गए चार युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित प्रयास से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक अभी भी लापता बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और एसडीआरएफ टीम को भी सूचना देकर खोज अभियान तेज कर दिया गया है।

गोपालगंज जिले के यादोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मशानथाना गांव के समीप गंडक नदी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार को चार युवक नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक नदी की तेज धारा में सभी युवक फंस गए और देखते ही देखते बहने लगे। युवकों को बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए तेज बहाव के बीच तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि एक युवक नदी की तेज धारा में लापता हो गया, जिसकी तलाश लगातार जारी है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही यादोपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने लापता युवक की तलाश के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी सूचित किया गया है ताकि आधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षित टीम की मदद से युवक का जल्द पता लगाया जा सके। पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण मिलकर लगातार नदी किनारे खोज अभियान चला रहे हैं।घटना के बाद इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन और ग्रामीण लगातार युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम और बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए नदियों में नहाने या गहरे पानी में जाने से बचें तथा सावधानी बरतें।

नमो नारायण की रिपोर्ट