Bihar Flood: बिहार में गंडक का दिखने लगा रौद्र रूप, नेपाल से 4 लाख क्यूसेक पानी से बढ़ा बाढ़ का खौफ
Bihar Flood:गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नदी में पानी बढ़ने के साथ ही कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
Bihar Flood: गोपालगंज में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नदी में पानी बढ़ने के साथ ही कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है और निचले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों से एहतियात के तौर पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

प्रशासन की अपील का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। खाप मकसूदपुर समेत गंडक नदी के आसपास बसे निचले इलाकों से लोग अपने परिवार और जरूरी सामान लेकर ऊंचे स्थानों की ओर निकलने लगे हैं। ग्रामीण खाने-पीने की सामग्री, कपड़े और दूसरे जरूरी सामान समेटकर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में जुटे हैं।

स्थानीय निवासी बैदन्ति देवी के मुताबिक, प्रशासन की ओर से लोगों को सूचना दी गई है कि गंडक नदी में चार लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। ऐसे में निचले इलाकों में पानी तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता रहा तो बाढ़ का संकट और गंभीर हो सकता है।

हालांकि प्रशासन की ओर से लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। निचले इलाकों में रहने वाले परिवार संभावित खतरे को देखते हुए समय रहते अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हैं।गंडक के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और संबंधित अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से नदी और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें गंडक के जलस्तर पर टिकी हैं और बढ़ते पानी ने इलाके में बाढ़ की आशंका को लेकर बेचैनी बढ़ा दी है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा