गंडक नदी का जलस्तर सामान्य, गोपालगंज में बाढ़ का खतरा नहीं: जिलाधिकारी

गोपालगंज के जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से बाढ़ को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि गड़क का जलस्थर पूरी तरह नियंत्रण में है, साथ ही प्रशासन की इसपर पूरी नजर है। फिलहाल जिले में बाढ़ का कोई खतरा नही है....

गंडक नदी का जलस्तर सामान्य, गोपालगंज में बाढ़ का खतरा नहीं:
जिले में बाढ़ का खतरा नहीं: जिलाधिकारी- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले में फिलहाल बाढ़ को लेकर किसी तरह का खतरा नहीं है और गंडक नदी का जलस्तर पूरी तरह नियंत्रण में बना हुआ है। जिलाधिकारी समीर सौरभ ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि वाल्मीकिनगर बैराज से इस समय लगभग एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो कि सामान्य स्थिति है। उन्होंने जिलेवासियों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


6.5 लाख क्यूसेक पानी का दबाव झेलने में सक्षम हैं तटबंध

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी प्रमुख तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। गोपालगंज के तटबंधों की क्षमता 6 से 6.5 लाख क्यूसेक तक के पानी के दबाव को आसानी से झेलने की है। हालांकि, नेपाल के तराई क्षेत्रों में यदि भारी बारिश होती है तो जलस्तर में बदलाव आ सकता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में घबराने जैसी कोई बात नहीं है।


तटबंधों पर नहीं दिखा रेन कट, जल संसाधन विभाग मुस्तैद

प्रशासनिक जांच के अनुसार, जिले में अभी तक कहीं से भी तटबंधों को नुकसान या रेन कट की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल संसाधन विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन की टीम 24 घंटे स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।


आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल और संसाधन तैयार

बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति का सामना करने के लिए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। आवश्यक संसाधन और बचाव दलों (Rescue Teams) को पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद कर दिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कदम उठाए जा सकें।


अफवाहों से दूर रहने और आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से बचें। नदी के जलस्तर में होने वाले किसी भी बदलाव की जानकारी प्रशासन द्वारा समय-समय पर दी जाएगी, इसलिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट