Bihar Crime : गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात अपराधी अनीश राम को किया गिरफ्तार, लाखों के जेवरात और नकदी किया बरामद
GOPALGANJ : जिले में बढ़ते अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, गोपालगंज जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व माधोपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार कर रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने माधोपुर गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुख्यात अपराधी अनीश राम को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अनीश राम लंबे समय से पुलिस की नजर में था और जिले के कई थानों में उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी तलाश काफी समय से थी। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1 लाख 21 हजार रुपये नगद, 4 मंगलसूत्र, 5 अंगूठियां, एक सोने का लॉकेट, 15 जोड़ी पायल और 10 चांदी के सिक्के बरामद किए। इसके अलावा सोने और चांदी के कई अन्य आभूषण भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक हाल ही में हुई चोरी की घटना के बाद सदर टेक्निकल सेल की मदद से मामले की जांच शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस कुख्यात अपराधी को धर दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी अनीश राम ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सिवान जिले के लारौली गांव में भी छापेमारी की, जहां से रमेश सोनी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। रमेश सोनी के पास से भी पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। साथ ही उन्होंने अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस अब उन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बढ़ते अपराध पर एक बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है। बहरहाल, पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद गोपालगंज में चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि इस गिरोह से जुड़े बाकी अपराधी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।
नमो नारायण की रिपोर्ट