Mokama MLA Anant Singh FIR :छोटे सरकार अनंत सिंह समेत इन 9 लोगों पर FIR,न्यूज4नेशन की खबर के बाद गोपालगंज में पुलिस का बड़ा एक्शन,अश्लील नृत्य और हथियार लहराने पर हुई बड़ी कार्रवाई

Mokama MLA Anant Singh FIR : कथित तौर पर बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत में अश्लील डांस और हथियारों की नुमाइश के खेल में एसपी बिनय तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए मीरगंज थाना को FIR दर्ज करने का आदेश दिया।...

बाहुबली MLA अनंत सिंह पर केस दर्ज
बाहुबली MLA अनंत सिंह पर केस दर्ज- फोटो : reporter

Mokama MLA Anant Singh FIR : गोपालगंज के मीरगंज थाना इलाके के सेमरा गाँव में आयोजित जनेऊ समारोह अब महज रस्म नहीं, बल्कि कानून के शिकंजे में फँसी एक हाई-प्रोफाइल वारदात बन गया है। वायरल वीडियो ने पूरे मामले को तूल दे दिया है, जिसमें कथित तौर पर बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत में अश्लील डांस और हथियारों की नुमाइश का खेल चलता दिख रहा है।

गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमराव गांव में एक निजी पारिवारिक आयोजन अब कानून के कठघरे में खड़ा हो गया है। मोकामा के चर्चित और बाहुबली छवि वाले विधायक अनंत सिंह, जिन्हें लोग छोटे सरकार के नाम से भी जानते हैं, एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं।

मामला 2 मई का है, जब मुखिया गुड्डू राय के पुत्र के उपनयन संस्कार समारोह में भारी भीड़ जुटी थी। आरोप है कि इसी दौरान विधायक के स्वागत में समर्थकों ने खुलेआम हथियार लहराए और भोजपुरी गानों की धुन पर जश्न का माहौल बना दिया। वीडियो में कथित तौर पर असलहा प्रदर्शन और नोटों की बारिश जैसी तस्वीरें सामने आने के बाद मामला पूरी तरह गरमा गया।

इसके साथ ही मंच पर भोजपुरी कलाकारों की मौजूदगी में नर्तकियों द्वारा अश्लील माने जा रहे नृत्य और मुजरा स्टाइल परफॉर्मेंस का भी वीडियो वायरल हुआ। इस आयोजन में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह समेत कई कलाकारों की मौजूदगी बताई जा रही है, जिससे यह महफिल और भी विवादित हो गई।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। News 4Nation पर खबर दिखाए जाने के बाद एसपी विनय तिवारी नें हथुआ एसडीपीओं आनंद मोहन गुप्ता को जांच का निर्देश दिया था। हथुआ एसडीपीओ की जांच के बाद मीरगंज थाना में कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव, साथ ही अनंत सिंह और गुंजन सिंह सहित कुल 9 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।


पुलिस का कहना है कि जांच में यह सामने आया है कि समारोह के दौरान प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना। साथ ही अश्लील नृत्य और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप भी सामने आए हैं।

इधर, यह मामला राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों ही स्तर पर तूल पकड़ चुका है। विपक्षी दलों की ओर से भी सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि पुलिस अब गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पूरा मामला जांच के घेरे में है, लेकिन इस जश्न के मंच ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और राजनीतिक रसूख के बीच की बहस को गर्मा दिया है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा