Bihar Crime: गोपालगंज में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत का माहौल
Bihar Crime: दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और उसे मौत के घाट उतार दिया।
GOPALGANJ : जिला से इस वक्त एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मीरगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान नेरुई गांव निवासी 30 वर्षीय कृष्णा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कृष्णा सिंह अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका और बिना कोई मौका दिए गोलियां बरसा दीं।
अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बड़ी ही आसानी से फरार हो गए, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को सहमा दिया है और लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने पूरे घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मीरगंज थानाध्यक्ष और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और बारीकी से साक्ष्य जुटाए गए।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या आपराधिक विवाद—सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश आगे बढ़ाई जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां दिन के उजाले में ही अपराधियों ने खून की स्याही से खौफ की नई कहानी लिख दी।
रिपोर्ट - नमो नारायण मिश्रा