Bihar Flood: गोपालगंज में बाढ़ का खतरा टला, DM बोले-अफवाहों पर न दें ध्यान

Bihar Flood: गोपालगंज में फिलहाल बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। गंडक नदी का जलस्तर अब सामान्य स्थिति में लौट आया है और निचले इलाकों में जमा पानी भी निकल चुका है।

Bihar Flood:  गोपालगंज में बाढ़ का खतरा टला, DM बोले-अफवाहों
तटबंधों पर प्रशासन की पैनी नजर- फोटो : NAMO NARAYAN

Bihar Flood: गोपालगंज में फिलहाल बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। गंडक नदी का जलस्तर अब सामान्य स्थिति में लौट आया है और निचले इलाकों में जमा पानी भी निकल चुका है। जिला प्रशासन ने लोगों को राहत की खबर देते हुए साफ किया है कि जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि कुछ दिन पहले नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद गंडक नदी के जलस्तर में अचानक तेजी से बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद वाल्मीकिनगर बैराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। पानी का दबाव बढ़ने के कारण गोपालगंज के कुछ निचले इलाकों में पानी पहुंच गया था।

हालांकि अब हालात बदल चुके हैं। नदी का जलस्तर नीचे आ गया है और जिन इलाकों में पानी पहुंचा था, वहां से भी पानी निकल चुका है। प्रशासन के मुताबिक फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं बनी हुई है।

डीएम ने बताया कि गोपालगंज के तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनके मुताबिक तटबंध करीब साढ़े छह लाख क्यूसेक तक पानी का दबाव झेलने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में मौजूदा जलस्तर को देखते हुए किसी तरह की चिंता की स्थिति नहीं है।फिर भी प्रशासन किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार तटबंधों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रही हैं। संभावित कटाव वाले इलाकों में एंटी-इरोशन और प्रोटेक्शन वर्क भी जारी रखा गया है।

प्रशासन का मकसद साफ है कि नदी का जलस्तर दोबारा बढ़े या किसी स्थान पर कटाव की स्थिति बने तो उससे पहले ही सुरक्षा इंतजाम कर लिए जाएं। संवेदनशील इलाकों पर अधिकारियों की नजर बनाए रखने का दावा किया गया है।

कुछ दिन पहले नेपाल में हुई भारी बारिश का असर गंडक नदी के जलस्तर पर पड़ा था। बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गोपालगंज के निचले इलाकों में पानी पहुंचने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि पानी के घटते ही स्थिति सामान्य होने लगी।अब प्रशासन की ओर से लोगों से खास तौर पर अफवाहों से बचने की अपील की गई है। सोशल मीडिया या स्थानीय स्तर पर बाढ़ को लेकर फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने को कहा गया है।डीएम समीर सौरभ ने भरोसा दिलाया है कि जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। यदि जलस्तर में दोबारा तेजी आती है या किसी क्षेत्र में खतरा उत्पन्न होता है तो तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल गंडक का पानी सामान्य स्तर पर है, तटबंध सुरक्षित बताए जा रहे हैं और निचले इलाकों से पानी भी निकल चुका है। यानी गोपालगंज में इस वक्त बाढ़ का खौफ नहीं, बल्कि प्रशासन की सतर्क निगरानी का दौर जारी है।

रिपोर्ट-नमोनारायण मिश्रा