इंस्टाग्राम वाला प्यार, 80 फीट ऊंचा टावर और 3 घंटे का 'सुसाइड ड्रामा': सिरफिरे प्रेमी ने रोकी शादी, तो टावर पर चढ़ी युवती, देखिए कैसे जांबाज थानाध्यक्ष ने बचाई जान

बिहार के गोपालगंज में शादी से इंकार पर एक युवती 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। इंस्टाग्राम पर हुए प्यार और धोखे की इस कहानी में पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ वहां जुट गई।

इंस्टाग्राम वाला प्यार, 80 फीट ऊंचा टावर और 3 घंटे का 'सुसाइ

Gopalganj - : बिहार के गोपालगंज जिले में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्यार में मिले धोखे से आहत होकर 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। मामला मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आरपी पब्लिक स्कूल के पास का है, जहाँ सुपौली गांव की रहने वाली पूजा कुमारी ने अपने प्रेमी राजकुमार की बेरुखी से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। करीब 3 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसें अटका दीं।

इंस्टाग्राम पर परवान चढ़ा था प्यार 

जानकारी के अनुसार, पूजा और राजकुमार की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और पिछले 6 महीनों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने डुमरिया के राम-सीता घाट पर साथ जीने-मरने की कसमें भी खाई थीं। लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब पूजा ने शादी का दबाव बनाया। जिस प्रेमी ने सात जन्मों का वादा किया था, वह शादी की बात आते ही मुकर गया।

शादी रोकने पहुँचा प्रेमी, पर खुद अपनाने से किया इंकार 

कहानी में मोड़ तब आया जब पूजा के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। प्रेमी राजकुमार वहां भी पहुंच गया और शादी रुकवा दी। ताज्जुब की बात यह है कि वह न तो खुद शादी करने को तैयार था और न ही पूजा को कहीं और बसने दे रहा था। शुक्रवार को पूजा ने उसे बातचीत के लिए मोहम्मदपुर बुलाया, लेकिन राजकुमार ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। इसी हताशा में पूजा 80 फीट ऊंचे टावर पर जा चढ़ी।

थानाध्यक्ष की जांबाजी और SDPO का आश्वासन 

घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष श्याम नारायण प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करते हुए थानाध्यक्ष खुद टावर पर चढ़ गए और युवती को समझाने की कोशिश की। उन्होंने फोन के जरिए SDPO राजेश कुमार से पूजा की बात कराई। SDPO ने युवती को न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का ठोस भरोसा दिया, जिसके बाद पूजा नीचे उतरने को राजी हुई।

पुलिस संरक्षण में युवती, आरोपी की तलाश जारी 

करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने उसे फिलहाल अपने संरक्षण में रखा है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शादी का झांसा देकर धोखा देने और प्रताड़ित करने वाले आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर होने वाले प्यार और उसके खतरनाक परिणामों की ओर एक गंभीर इशारा करती है।

रिपोर्ट - नमो नारायण मिश्रा